ममता ने विपक्षी दलों से किया बड़ा आह्वान, कहा 'सभी दल को एकजुट होना जरूरी,मैं तैयार हूं...'

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल की और शनिवार को पार्टी के पहले मुख्यमंत्री ने अपने कैबिनेट के साथ शपथ भी ले ली। शपथ ग्रहण के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फिर से हुंकार भरा और सभी विपक्षी पार्टियों समेत विपक्षी संगठनों से एकजुट होने का आह्वान किया। ममता बनर्जी ने कहा कि यह समय सोचने का नहीं बल्कि एकजुट होने का है। यही समय है जब सभी विपक्षी क्षेत्रीय और राष्ट्रीय पार्टियां एक मंच पर आएं और भाजपा का विरोध करना शुरू करें। पूर्व सीएम ने छात्र संगठनों और एनजीओ से भी एकसाथ आने का आह्वान किया।

अपने आवास पर रविंद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर अपने कालीघाट आवास पर एक छोटे से समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वामपंथी, अति वामपंथी समेत सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट होने का समय है। इस संबंध में अगर कोई बात करना चाहते हैं तो मैं उनसे बात करने के लिए तैयार हूं। ममता बनर्जी ने कहा कि मेरे शासनकाल में कहीं किसी के ऊपर अत्याचार नहीं हुआ जबकि भाजपा को बहुमत मिलते ही टीएमसी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के ऊपर हमले हो रहे हैं। कुछ जगहों पर गुंडागर्दी भी हो रही है और कुछ असामाजिक तत्व भाजपा में घुस कर माहौल खराब कर रहे हैं।

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 294 सीट पर चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीत कर पहली बार अपनी सरकार बनाई है जबकि सत्ता में बैठी पार्टी टीएमसी ने मात्र 80 सीट पर ही जीत दर्ज की। राज्य में बहुमत मिलने के बाद भाजपा का राष्ट्रीय स्तर पर मनोबल काफी बढ़ा हुआ है और शनिवार को सुवेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली।

  

Related Articles

Post a comment