बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, कटिहार में हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार

सेमापुर के अमीनाबाद स्थित मकई गोदाम में पुलिस की छापेमारी, देशी कट्टा, दो कारतूस, चाकू, दो मोबाइल और दो बाइक बरामद

कटिहार: जिले के सेमापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को नाकाम करने का दावा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, एक चाकू, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार युवकों में बरारी थाना क्षेत्र का एक युवक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व में लूटकांड से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। 20 अक्टूबर की रात सेमापुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि अमीनाबाद स्थित मकई गोदाम में कुछ लोग अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी

छापेमारी के दौरान पुलिस बल को देखकर भाग रहे दो व्यक्तियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किए गए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो शाहनवाज आलम उर्फ फैज तथा सुनील कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है।

लूटकांड में जेल जा चुका है एक आरोपी

पुलिस के अनुसार, मो शाहनवाज आलम उर्फ फैज पूर्व में कोढ़ा के एक लूटकांड में न्यायिक हिरासत में जा चुका है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से जुड़े मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment