भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, मनमानी का लगाया आरोप
- by Manjesh Kumar
- 09-Oct-2026
- Views
शेखपुरा में ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ के नामकरण का विरोध, बोले लोग—जनता की राय लिए बिना फैसला क्यों? डीएम से शिकायत की तैयारी
शेखपुरा: जिले के चर्चित तिनमुहानी मोड़ का नाम बदलने को लेकर शहर में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। वर्षों से तिनमुहानी मोड़ के नाम से पहचाने जाने वाले इस चौक का नाम अब ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ रखे जाने पर स्थानीय मोहल्लेवासियों और शहरवासियों ने कड़ी नाराजगी जताई है। नामकरण के विरोध में बड़ी संख्या में लोग तिनमुहानी मोड़ पर जुटे और भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का सवाल है कि आखिर तिनमुहानी मोड़ का नाम बदलने की जरूरत क्यों पड़ी? उनका आरोप है कि जिस स्थान को शहर के लोग वर्षों से एक पारंपरिक नाम से जानते और पहचानते आए हैं, उसके नाम में बदलाव करने से पहले आम जनता की राय लेना भी जरूरी नहीं समझा गया।
लोगों का कहना है कि चौक-चौराहों के नामकरण जैसे फैसलों में स्थानीय लोगों की भावनाओं और जनमत को महत्व दिया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भाजपा नेता एवं मंत्री रामकृपाल यादव के शेखपुरा पहुंचने के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती की ओर से प्रस्तावित नाम को स्वीकृति दी गई। इस प्रक्रिया को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नाम बदलने का फैसला स्थानीय जनभावनाओं को नजरअंदाज कर लिया गया। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राहुल कुमार अकेला भी शामिल हुए। उन्होंने इस मामले को भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती की मनमानी बताते हुए नामकरण की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
तिनमुहानी मोड़ पर जुटी भीड़ ने स्पष्ट किया कि वे इस फैसले से संतुष्ट नहीं हैं।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपेंगे और नाम बदलने की प्रक्रिया की समीक्षा की मांग करेंगे। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन स्थानीय लोगों की आपत्तियों पर संज्ञान लेगा और नामकरण को लेकर उठ रहे विवाद का समाधान निकालेगा? फिलहाल तिनमुहानी मोड़ का नाम बदलने का मामला शहर में चर्चा और विरोध का विषय बना हुआ है।


Post a comment