नाव हादसे के पीड़ित परिवार से मिलने अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे तेजस्वी, कहा 'राजनीति नहीं सही से जांच कर हो कार्रवाई'
- by Manjesh Kumar
- 14-Oct-2026
- Views
वैशाली: नेता प्रतिपक्ष के विधानसभा क्षेत्र एवं वैशाली के राघोपुर में मंगलवार की रात भीषण नाव हादसा के बाद बुधवार को तेजस्वी यादव पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान तेजस्वी ने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली तो दूसरी तरफ सरकार पर भी जोरदार निशाना साधा। तेजस्वी ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार एक ही परिवार के 7 और गोतिया के अन्य 6 बच्चों की मौत हादसे में हो गई। तेजस्वी ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना के वक्त पर राजनीति नहीं होनी चाहिए बल्कि सरकार को उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग की और कहा कि प्रशासन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है। सिर्फ थानेदार और सीओ से स्पष्टीकरण मांगना काफी नहीं है। दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल में सुविधाओं की कमी और रेस्क्यू में देरी पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक अगर अस्पताल में ऑक्सीजन, डॉक्टर और दवाएं पर्याप्त होतीं और एंबुलेंस में ऑक्सीजन होता तो कुछ और बच्चों की जान बच सकती थी। NDRF और SDRF के पहुंचने में भी देरी हुई, इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवारों के लिए सरकार से अतिरिक्त मदद की मांग की। उन्होंने कहा कि 4 लाख की सरकारी अनुग्रह राशि काफी नहीं है। जिन परिवारों ने 6-7 बच्चों को खोया है उन्हें अतिरिक्त मुआवजे के साथ कम से कम 3 डिसमिल जमीन दी जानी चाहिए।
तेजस्वी ने राघोपुर में कटाव का मुद्दा भी उठाया और रिंग बांध की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार में रिंग बांध परियोजना की नापी शुरू हुई थी, लेकिन सरकार बदलते ही विजय सिन्हा ने काम रुकवा दिया। चुनाव में पैसे खर्च होते हैं लेकिन जनता की स्थायी समस्या का समाधान नहीं होता। उन्होंने बताया कि पिता लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं है, डॉक्टर ने आराम की सलाह दी है, लेकिन कल दोपहर 3 बजे पीड़ित परिवारों की मुलाकात पटना में लालू जी से कराई जाएगी।


Post a comment