नीरज - अनंत विवाद की वजह से जदयू बंटी दो भाग में, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा उनकी शिकायतें नहीं सुनी गई लेकिन...
- by Manjesh Kumar
- 05-Oct-2026
- Views
पटना: एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू के अंदर ही अब दो गुट बनने लगा है। एक तरफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, निशांत कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत पूरी पार्टी जहां नीरज कुमार के समर्थन में है तो दूसरी तरफ पार्टी के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन का ऐलान कर दिया है। एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच जोरदार टकराव चल रहा है। हालांकि इसे लेकर पार्टी ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दोनों नेताओं के बीच सुलह की जिम्मेदारी दी जिसके बाद सोमवार को ललन सिंह ने बड़ा बयान दिया है। ललन सिंह ने कहा कि ताली दोनों हाथ से बनता है।
सोमवार को मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि आज मेरी बात अनंत सिंह से हुई है और उनका कहना है कि जब नीतीश कुमार की सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश हुआ था तब जदयू के कई नेताओं ने मुझसे समर्थन की बात की थी और मैं नहीं चाहता था कि नीतीश कुमार की सरकार गिरे तो मैने समर्थन किया था। इसके बाद जब मैं नीतीश कुमार से मिलने गया था तो नीतीश कुमार ने खुद मुझे मोकामा से चुनाव लड़ने की बात कही थी और जब मैं उम्मीदवार था तो नीरज कुमार ने मेरे विरुद्ध प्रचार किया था। ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह का कहना है कि जब पार्टी की बैठक थी तो मैने अपनी सारी शिकायतें पार्टी की बैठक में भी रखी थी लेकिन इस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। मैं भी पार्टी का उम्मीदवार था और जिस व्यक्ति ने मेरे विरोधी के साथ मिलकर मुझे हराने की कोशिश की, मैं उसका समर्थन नहीं कर सकता हूं। जब मेरे समय में पार्टी ने एक्शन नहीं लिया तो अब क्यों?
ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह की शिकायतें सच हैं, बावजूद इसके मैने उनसे कहा कि अब सार्वजनिक रूप से कोई ऐसा बयान न दें जिससे पार्टी को नुकसान हो जिसपर अनंत सिंह ने अपनी सहमति जताई है और कहा कि अब मैं कोई बयान नहीं दूंगा। अगर मीडिया वाले जबरदस्ती कुछ पूछेंगे तब भी मैं कुछ नहीं बोलूंगा। ललन सिंह ने कहा कि यह सच है कि ताली दोनों हाथों से बजती है और यह सब जानते हैं कि विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह का विरोध किया गया था।


Post a comment