कटिहार में राजद कार्यकर्ताओं ने दिया एक दिवसीय धरना, कहा 'हर मोड़ पर सरकार नाकाम'
- by Manjesh Kumar
- 09-Jun-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के आजमनगर प्रखंड मुख्यालय प्रांगण में राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य की सरकार के विरुद्ध जम कर नारेबाजी की। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार तथा केंद्र की सरकार की सारी नीतियां नाकाम है और गरीब वंचित वर्ग के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है।
धरनास्थल पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की योजनाएं कागजों तक सीमित होकर रह गई हैं। जमीनी स्तर पर गरीबों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वही पूर्व जिला पर्षद अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। साथ ही वक्ताओं ने यह भी कहा कि किसानों, मजदूरों और युवाओं की समस्याओं को सरकार के द्वारा नजर अंदाज किया जा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें राशन वितरण में अनियमितता, आवास योजना में गड़बड़ी, मनरेगा में भ्रष्टाचार, पेपर लिक, बेरोजगारी तथा स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की धीमी गति प्रमुख रूप से शामिल थे। प्रदर्शनकारियों में जिला पार्षद प्रतिनिधि मसूद आलम, राजद नेता मेराज आलम, शमशाद आलम, पूर्व मुखिया धीरेंद्र कर्मकार, मोहम्मद इंतजार आलम उर्फ मुन्ना आदि ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। धरना प्रदर्शन के अंतिम चरण में राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने सामुहिक रूप से सीओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग की गई


Post a comment