विपक्ष छात्रों के आंदोलन के माध्यम से पैदा कर रहा अराजकता का माहौल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा...
- by Manjesh Kumar
- 23-Jul-2026
- Views
पटना: देश भर में परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा लेकर एक तरफ छात्र सड़कों पर है तो दूसरी तरफ विपक्ष सड़क से सदन तक सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। विपक्ष के विरोध के बाद अब भाजपा ने भी निशाना साधना शुरू कर दिया है। राजधानी पटना में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष जानबूझकर पूरे देश में अराजकता और भ्रम का माहौल पैदा कर रहा है। सदन की गरिमा को गिराने का काम विपक्ष कर रहा है और जरूरी मुद्दों पर चर्चा से भाग रहा है। इसी क्रम में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी सवाल उठाए और कहा कि जब देश के सामने अहम मुद्दे हैं तो राहुल गांधी सदन में चर्चा से क्यों किनारा कर रहे हैं। जनता ने उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में चुना है, ऐसे में उन्हें सदन में आकर अपनी बात रखनी चाहिए और सरकार से सवाल जवाब करने चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजकल विपक्ष छात्रों के आंदोलन को भी अपना राजनीतिक हथियार बना रहा है। छात्रों की समस्याओं के समाधान की जगह विपक्ष उन्हें भड़काकर सड़क पर उतारने का काम कर रहा है। इसका मकसद सिर्फ सरकार को बदनाम करना है और अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना है। बीजेपी छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और उनकी मांगों को लेकर सरकार लगातार काम कर रही है, लेकिन विपक्ष तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहा है। संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और जांच के आदेश दे दिए हैं। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार स्पीडी ट्रायल के माध्यम से जल्द से जल्द दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि आम जनता में कानून का राज कायम रहे और किसी को भी कानून हाथ में लेने की हिम्मत न हो। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखती है और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का जवाब जनता के बीच जाकर विकास के मुद्दों से दिया जाएगा।


Post a comment