विधायक विजय खेमका ने की प्रतिनिधियों के साथ बैठक, कहा 'सरकार की मंशा एकदम स्पष्ट है...'
- by Manjesh Kumar
- 30-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: विधायक जनसंपर्क कार्यालय में पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के पंचायत विकास दिवस के विधायक प्रतिनिधियों की बैठक की गई। इस दौरान विधायक विजय खेमका ने सरकार द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले "पंचायत विकास दिवस" को सफल बनाने एवं ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी तथा सहभागी विकास की दिशा में अग्रसर करने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि एनडीए सरकार की स्पष्ट मंशा है कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे सशक्त इकाई बने तथा गांव के विकास की योजनाएं ग्राम सभा के माध्यम से ही तय हों। पंचायत विकास दिवस पर पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों, पंचायत के सभी सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से ग्राम पंचायत के विकास, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
ग्राम सभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण सहित ग्रामीण विकास के विभिन्न आयामों की समीक्षा की जाएगी तथा नई विकास योजनाओं का चयन एवं अनुमोदन भी ग्राम सभा के माध्यम से किया जाएगा। विधायक ने कहा कि पंचायत स्तर पर कार्यरत पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, एएनएम, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक, कृषि समन्वयक, राजस्व कर्मचारी, जीविका के प्रतिनिधि, स्वच्छता कर्मी तथा अन्य विभागीय कर्मचारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी ग्राम सभा में देंगे तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस पर प्रधानमंत्री के "मन की बात" कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण भी किया जाएगा। साथ ही ग्राम सभा में पूर्व में लिए गए निर्णयों एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर नई योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जाएगी, जिससे विकास कार्यों में पारदर्शिता, जनभागीदारी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
विधायक विजय खेमका ने पंचायत विधायक प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे सरकार, प्रशासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाएं तथा प्रत्येक पंचायत में पंचायत विकास दिवस को प्रभावी एवं सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें। बैठक में पंचायत विकास दिवस के विधायक प्रतिनिधि शैलेन्द्र साह, जयदेव पोद्दार, मनोज कुमार मोनू, विजय दास, अभिमन्यू मेहता, ज्योतिष ठाकुर, डब्बू भगत, ब्रह्मानंद मंडल, पिंकू विश्वास उपस्थित थे।


Post a comment