पूर्णिया शहर के सभी टीओपी इस दिन तक हो जाएंगे बंद, एसएसपी ने बना लिया है बड़ा प्लान
- by Manjesh Kumar
- 10-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के एसएसपी के तौर पर पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ शौर्य सुमन लगातार सक्रिय हैं। एसएसपी लगातार पुलिस अधिकारी तथा अन्य कर्मियों को पुलिसिंग का पाठ पढ़ा रहे हैं साथ ही लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। अब एसएसपी ने एक बड़ा निर्णय लिया है जिसके तहत शहर के सभी टीओपी बंद कर दिए जाएंगे। हालांकि शहर के दो टीओपी गुलाबबाग और कामाख्या स्थान टीओपी पहले की तरह काम करता रहेगा जबकि अन्य टीओपी अब सिर्फ चेकपोस्ट की तरह काम करेंगे। इसके पीछे एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों की सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी। एसएसपी के अनुसार नई व्यवस्था 15 जुलाई तक लागू हो जाएंगी।
मामले को लेकर एसएसपी ने बताया कि अब गुलाबबाग टीओपी की पुलिस गाड़ी ही कटिहार मोड़ क्षेत्र में भी गश्ती करेंगी वहीं डांगराहा टीओपी में फोर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी। एसएसपी ने बताया कि जिले में विधि व्यवस्था मजबूत करने के लिए 500 पुलिस फोर्स पहुंच चुके हैं जिसमें से 110 की तैनाती ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए किया गया है। एसएसपी ने बताया कि टीओपी बंद करने का मुख्य कारण थानों को मजबूत करना है। पहले टीओपी व्यवस्था रहने की वजह से जिम्मेदारी तय करने में परेशानी होती थी। अब टीओपी बंद किए जाने के बाद टीओपी प्रभारी जैसा कोई पद भी नहीं रहेगा।
एसएसपी ने बताया कि थानों का निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कई ऐसे केस हैं जिसका सही से डिस्पोजल नहीं हुआ है। ऐसी लापरवाही के लिए थानेदार तथा सर्किल इंस्पेक्टर को चेतावनी दी गई है। वहीं एसएसपी ने बताया कि शहर में एयरपोर्ट और जीएमसीएच के समीप सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नए टीओपी बनाए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एयरपोर्ट के समीप टीओपी के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है, डीएम से भी बात हो गई है जबकि जीएमसीएच के समीप टीओपी खोलने के लिए स्थान तय कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि जिले में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए हर व्यवस्था की जा रही है जबकि शहरी क्षेत्र समेत अन्य संवेदनाशील जगहों पर सीसीटीवी दुरुस्त किए जा रहे हैं।


Post a comment