टीबी मुक्त भारत अभियान का आगाज, पहले दिन बरारी में 887 लोगों की जांच

कटिहार: देश को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार से कटिहार के बरारी प्रखंड में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत कर दी गई। अभियान के पहले ही दिन स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाते हुए प्रखंड की सभी 21 पंचायतों एवं एक नगर पंचायत में विशेष स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए। इन शिविरों में कुल 887 लोगों की टीबी जांच की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें तत्काल उपचार से जोड़ना है, ताकि बीमारी के संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। यह विशेष अभियान आगामी 14 अगस्त तक लगातार संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत पूर्वी बारीनगर पंचायत भवन में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग शिविर का निरीक्षण जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मो अजमल खुर्शीद ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्क्रीनिंग कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए समय पर जांच और इलाज सबसे प्रभावी उपाय है।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार धीरज, अंचलाधिकारी मनीष कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मुसर्रफ हुसैन, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एकलाख आलम, बीसीएम मरगूब आलम, स्वास्थ्यकर्मी, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना या अन्य टीबी के लक्षण दिखाई दें तो बिना किसी संकोच के तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। समय पर जांच और उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुसर्रफ हुसैन ने बताया कि जिन शिविरों में पहले दिन 40 से कम लोगों की स्क्रीनिंग हुई है, वहां पुनः विशेष शिविर आयोजित कर निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों की जांच कर संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी, ताकि बरारी प्रखंड को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके।

  

Related Articles

Post a comment