कटिहार के कई इलाके बाढ़ के पानी से है जलमग्न, स्थानीय समाजसेवियों ने सूखा राशन किया वितरित
- by Manjesh Kumar
- 06-Sep-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति लगातार विकराल होती जा रही है। गंगा एवं अन्य नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण प्रखंड के अधिकांश गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। कई जगहों पर पानी घरों में प्रवेश कर चुका है, जिससे ग्रामीणों के सामने रहने, खाने-पीने और आवागमन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। हालात से परेशान कई परिवार घर छोड़कर ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं वोही कई परिवार मचान में रहने के लिए मजबूर हैं प्रखंड के पार दियारा, दक्षिणी करीमुल्लापुर, पूर्वी करीमुल्लापुर, भवानीपुर खट्टी, दुर्गापुर, चौकिया पहाड़पुर, उत्तरी करीमुल्लापुर सहित कई पंचायतों के गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
मेघु टोला, जलेबी टोला और झब्बू टोला में भी बाढ़ का पानी फैलने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर मुख्य सड़क पानी में डूब जाने से आवागमन बाधित है। ग्रामीणों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है बाढ़ के पानी से कई विद्यालय भी जलमग्न हो गए हैं। स्कूल परिसरों में पानी जमा रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं मुख्य सड़कों और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर पानी चढ़ने के कारण आवश्यक सामान लाने-ले जाने में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रमुख प्रतिनिधि माथुर मंडल ने बताया कि बाढ़ की त्रासदी के कारण लोगों के सामने खाने-पीने के संकट के साथ-साथ विद्यालय, मुख्य मार्ग और आवागमन से जुड़ी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं।
मेघु टोला, जलेबी टोला और झब्बू टोला सहित कई गांवों में हर वर्ष बाढ़ का संकट उत्पन्न होता है, लेकिन इस बार स्थिति काफी गंभीर दिखाई दे रही है। ग्रामीणों के सामने अब भोजन और शुद्ध पेयजल का संकट भी गहराने लगा है। कई परिवार सूखे खाद्य पदार्थों के सहारे किसी तरह गुजारा कर रहे हैं। घरों में पानी घुसने के कारण राशन और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित रखना भी मुश्किल हो गया है। ऊंचे स्थानों पर शरण लिए परिवारों को भी पर्याप्त भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित गांवों में तत्काल राहत सामग्री, भोजन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही पर्याप्त संख्या में नाव उपलब्ध कराने की मांग की है। वही बाढ़ जैसी समस्याओं को देखते हुए समाजसेवी शेख मोसौवर ने बताया कि मैं अपनी निजी कोष से 150 बाढ़ पीड़ित परिवार के बीच सूखा राशन वितरण किया है। साथ ही उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवार की अभिलंब सहायता की मांग सरकार एवं प्रशासन से की है।


Post a comment