एसएसबी व पुलिस ने ग्रामीण समन्वय समिति की बैठक कर सुरक्षा और नशा मुक्ति का दिया संदेश

किशनगंज: 41वीं वाहिनी एसएसबी की 'जी' कंपनी किशनगंज भातगांव के कंपनी कमांडर अरविंद कुमार के नेतृत्व में तथा गलगलिया थाना प्रभारी राकेश कुमार की उपस्थिति में दुर्गा मंदिर टोला, भातगांव में ग्रामीण समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में एसएसबी के जवान, पुलिस बल, सीमावर्ती क्षेत्र के सम्मानित ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, ड्रग्स एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने, नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध, संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि, मादक पदार्थों की तस्करी अथवा नशे का कारोबार दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत एसएसबी या गलगलिया थाना पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कंपनी कमांडर अरविंद कुमार एवं थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुरक्षा एजेंसियों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से सुरक्षा बलों के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। गौरतलब है कि हाल के दिनों में 41वीं वाहिनी एसएसबी एवं गलगलिया थाना पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त रूप से लगातार अभियान चला रही है। ड्रग्स तस्करी, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ दोनों एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से समय-समय पर ग्रामीण समन्वय समिति की बैठक, जनसंपर्क अभियान और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

एसएसबी और गलगलिया पुलिस के बेहतर समन्वय से सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

  

Related Articles

Post a comment