सिपाही भर्ती परीक्षा के बाद रेलवे स्टेशन पर उमड़ी परीक्षार्थियों की भारी भीड़, ट्रेन पकड़ने की जद्दोजहद में रहा अफरातफरी का माहौल
- by Manjesh Kumar
- 17-Jun-2026
- Views
कटिहार: सिपाही भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के कारण कटिहार रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। परीक्षा की पहली पाली समाप्त होते ही हजारों परीक्षार्थी अपने-अपने घर लौटने के लिए स्टेशन पहुंच गए, जिससे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। कटिहार जंक्शन पर एनजेपी से अमृतसर जाने वाली कर्मभूमि एक्सप्रेस और अरुणाचल एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के पहुंचते ही ट्रेन में चढ़ने के लिए होड़ मच गई। हालत यह हो गया कि कई परीक्षार्थी सीट तो दूर, ट्रेन के अंदर जगह बनाने के लिए बोगी की खिड़कियों से घुसते नजर आए।
वहीं महिला परीक्षार्थियों को भी ट्रेन में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर करीब 18 हजार अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी एक साथ स्टेशन पहुंच गए, जिससे ट्रेनों में क्षमता से कहीं अधिक भीड़ उमड़ पड़ी। महिला परीक्षार्थियों के अभिभावक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें कटिहार से सीवान जाना है। उनके साथ दो महिला अभ्यर्थी भी हैं लेकिन ट्रेन में इतनी भीड़ है कि चढ़ना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि भीड़ के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कटिहार स्टेशन की तस्वीरों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों की आवाजाही को लेकर रेलवे और प्रशासन की ओर से अतिरिक्त व्यवस्था आखिर कब तक कागजों तक सीमित रहेगी। हजारों युवाओं के लिए परीक्षा का तनाव खत्म हुआ, लेकिन घर लौटने की जद्दोजहद ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।


Post a comment