बाप बेटे निकले शातिर, ED - CBI के नाम पर रिटायर्ड बैंक कर्मी से ठगे 67 लाख, 100 से अधिक...
- by Manjesh Kumar
- 27-Apr-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में बाप-बेटे ने रिटायर्ड बैंककर्मी से 67 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी प्रियरंजन शर्मा और उसका बेटा अनंत अभिषेक एनजीओ की आड़ में साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। ठगों ने सुप्रीम कोर्ट, RBI, CBI और ED के नाम से फर्जी दस्तावेज भेजकर पीड़ित को डराया। दबाव में आकर पीड़ित ने 4 अप्रैल को 42 लाख और 6 अप्रैल को 25 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। साइबर थाना पुलिस ने पिता-पुत्र के गिरोह का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रिटायर बैंककर्मी महेश गामी ने बताया कि 26 मार्च को उन्हें व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉलर ने खुद को CBI अधिकारी बताकर उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकी गतिविधियों में होने का आरोप लगाया। इसके बाद ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर 10 दिनों तक लगातार वीडियो कॉल पर निगरानी में रखा। उन्हें घर से बाहर न निकलने और किसी को जानकारी न देने की धमकी दी गई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों के खातों से देशभर में 100 से अधिक शिकायतें जुड़ी हैं। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल, लैपटॉप, बैंक दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है। शिकायत मिलने के बाद डीएसपी (साइबर पुलिस) हिमांशु कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने पटना के राजीव नगर में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर-दबोचा। डीएसपी ने बताया कि 9 अप्रैल को शिकायत मिली थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की जांच जारी है
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment