बेतिया में दिनदहाड़े 40 करोड़ की ज्वेलरी लूट, 8 हथियारबंद अपराधियों ने मचाया तांडव
- by Manjesh Kumar
- 18-Nov-2026
- Views
पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण से बड़ी खबर सामने आ रही है। बेतिया में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े करोड़ों रुपये की बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। घटना बेतिया नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त सुप्रिया रोड की है, जहां स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक, तीन बाइक पर सवार होकर आठ बदमाश शोरूम पहुंचे थे। सभी अपराधी हथियारों से लैस थे। शोरूम में घुसते ही उन्होंने हथियार के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया और सोने तथा हीरे के कीमती आभूषण लूटने लगे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधी करीब 30 से 40 करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए। हालांकि, लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नगर थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। डीआईजी हरिकिशोर राय और पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरी घटना की जानकारी जुटाई।
फिलहाल पुलिस शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाने के साथ प्रमुख सड़कों पर वाहनों की सघन जांच भी शुरू कर दी गई है।


Post a comment