छठ घाट से लौटने के बाद युवक की चाकू से गोद कर हत्या, एक ही घाट पर आरोपी ने भी दिया था अर्घ्य
- by Manjesh Kumar
- 16-Nov-2026
- Views
पूर्वी चंपारण: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छठ पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब घाट से लौटने के कुछ ही देर बाद एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद गुस्साए परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामला सुगौली थाना क्षेत्र के करमवा गांव के वार्ड नंबर 4 का है। मृतक की पहचान चन्द्रकिशोर यादव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम ज्वाला प्रसाद बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह दोनों परिवारों ने एक ही छठ घाट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया था। पूजा समाप्त होने के बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए। आरोप है कि इसके कुछ समय बाद ज्वाला प्रसाद मृतक के घर पहुंचा और आवाज देकर चन्द्रकिशोर को बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया, आरोपी ने उस पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण चन्द्रकिशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हमले की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले और आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से शीशम के एक पेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। मामला अदालत तक भी पहुंच चुका था। बताया जा रहा है कि रविवार को भी आरोपी ने मृतक के घर जाकर विवाद किया था। घटना की सूचना पर सुगौली पुलिस और सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में जमीन और पेड़ का विवाद हत्या की वजह माना जा रहा है। मामले में परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Post a comment