संदिग्ध हालत में झाड़ी से मिला जमीन कारोबारी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
- by Manjesh Kumar
- 12-Nov-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी टॉल प्लाजा के समीप गुरुवार की सुबह एनएच-27 किनारे झाड़ी में एक अधेड़ का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगो की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। मृतक की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के मैथी निवासी जमीन और ट्रांसपोर्ट कारोबारी कमलेश राय के रूप में की गई। शव झाड़ियों में जिस हालत में मिला है उसके अनुसार परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से सही जांच की मांग की है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मामले में स्थानीय लोगों ने कहा कि मृतक कमलेश राय जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट के कमीशन एजेंट के रूप में भी काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही गायघाट थानाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। घटना के संबंध में लोगों ने कारोबार से संबंधित रंजिश की आशंका जताते हुए हत्या की बात कही। हालांकि फिलहाल घटना के कारणों का कुछ पता नहीं चला है। स्थानीय थाना की पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट आने पर ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर छानबीन शुरू कर दी है।


Post a comment