सहरसा में बाइक सवार को अपराधियों ने मारी गोली, आपसी रंजिश में घटना को अंजाम देने की आशंका
- by Manjesh Kumar
- 12-Nov-2026
- Views
सहरसा: बिहार में पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद आपराधिक गतिविधियों पर लगाम नहीं लग पा रहा है। एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई करने में जुटी हुई है तो दूसरी तरफ बदमाश लगातार बेखौफ हो कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में सहरसा में अपराधियों ने बाइक सवार एक युवक को गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। वहीं स्थानीय लोगों ने आनन फानन में जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना सहरसा के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोन्हा गांव के समीप की है जहां अपराधियों ने बैजनाथपुर से घर जा रहे बाइक सवार युवक को गोली मार दी।
जख्मी की पहचान बिजलपुर वार्ड संख्या 1 निवासी सुधांशु कुमार के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने आपसी रंजिश में युवक को गोली मारी, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल हालत में युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन मे जुट गई है। घटना की जानकारी मिलते सदर एसडीपीओ निजी अस्पताल पहुंच कर घटना का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।


Post a comment