बेगूसराय में आभूषण कारोबारी के घर हथियार के बल पर लूटपाट, लोगों के जुटने पर फायरिंग भी की

बेगूसराय: बिहार में इन दिनों अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद देखे जा रहे हैं। बेखौफ अपराधियों के मन में पुलिस के प्रति भय का नामोनिशान दिखाई नहींदे रहा है तभी तो बीती शाम अपराधियों ने बेगूसराय में सरेआम एक आभूषण व्यापारी के घर में घुस कर हथियार के बल पर लूटपाट की। इस दौरान जब स्थानीय लोग जुटने लगे तो अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग भी की और मौके से भाग निकले। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो खोखा और दो गमछा बरामद किया है साथ ही मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 की है।

बताया जा रहा है कि बीती शाम बाइक सवार 6 हथियारबंद अपराधी आभूषण कारोबारी दशरथ पोद्दार के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को शौचालय में बंद कर लूटपाट की। इस दौरान जब आसपास के लोग जुटने लगे तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार, दो बाइक पर सवार होकर छह अपराधी घर पहुंचे थे। सभी ने घर के नीचे बाइक खड़ी की और सीढ़ियों के रास्ते अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद हथियार दिखाकर दशरथ पोद्दार, उनकी पत्नी और पुत्रवधू को शौचालय में बंद कर दिया। परिवार के सदस्यों को बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने घर में लूटपाट शुरू कर दी।

बताया जाता है कि शौचालय में बंद दशरथ पोद्दार ने हिम्मत दिखाते हुए डकैत-डकैत चिल्लाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। भीड़ को अपनी ओर आता देख अपराधियों ने दहशत फैलाने के इरादे से गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर मुसहरी की ओर फरार हो गए। गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान दो खोखा और दो गमछा बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अमरकांत, पुलिस निरीक्षक महानंद चौधरी के अलावा चेरियाबरियारपुर, मंझौल और छौड़ाही थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।

फिलहाल घर से कितने की संपत्ति लूटी गई है और अपराधियों ने किन-किन सामानों को निशाना बनाया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और पीड़ित परिवार की ओर से भी लूटे गए सामानों का विस्तृत ब्योरा साझा नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment