पूर्णिया विश्वविद्यालय में अनोखा विरोध, छात्र हितों के लिए पदाधिकारियों से मांगी भीख

पूर्णिया: पूर्णिया विश्वविद्यालय में छात्र हितों की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में गुरुवार को अनोखा सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुलपति, कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों से सीमांचल के विद्यार्थियों के हित में काम करने की सांकेतिक रूप से भीख मांगी गई। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्णिया विश्वविद्यालय बनाओ संघर्ष समिति के संस्थापक डॉ आलोक राज एवं छात्र राजद अध्यक्ष पीयूष पुजारा ने किया। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन आपसी गुटबाजी में उलझा है, जबकि विद्यार्थियों की समस्याएं लगातार अनदेखी की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पूर्व आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल कई विद्यार्थियों को आज तक अंकपत्र नहीं मिला है। करीब 20 हजार छात्र-छात्राओं के प्रमाण पत्र लंबित होने का भी आरोप लगाया गया। प्रदर्शनकारी कुलपति आवास भी पहुंचे, लेकिन कुलपति ने बाहर आकर उनकी समस्याएं नहीं सुनीं। नेताओं ने मांग की कि लंबित अंकपत्र और मूल प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए जाएं तथा आगामी दीक्षांत समारोह से पहले सभी समस्याओं का समाधान किया जाए।

  

Related Articles

Post a comment