बक्सर में भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में चार लोगों की मौत, तीन गंभीर
- by Manjesh Kumar
- 19-Nov-2026
- Views
बक्सर: बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास एनएच-319ए पर देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार और बाइक के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, देर शाम सोनपा गांव के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित कार ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक को टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचते ही एक और घायल ने दम तोड़ दिया। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।
कार सवार तीन मृतक की पहचान यूपी के गाजीपुर जिला के भातवरा गांव निवासी के रूप में हुई। जबकि चौथे मृतक की पहचान सोनपा गांव के भागना के रूप में हुई। वहीं, तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।


Post a comment