SDM बनकर लौटी बहू तो परिवार समेत इलाके में खुशी का माहौल, लोगों ने किया जोरदार स्वागत

किशनगंज: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के फाइनल रिजल्ट में किशनगंज की बहू ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। शहर के रुईधासा निवासी सुरेंद्र चौरसिया की बहू और मंथन चौरसिया की पत्नी अंजलि कुमारी ने पूरे राज्य में 223वीं रैंक हासिल कर एसडीएम (SDM) का पद प्राप्त किया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर है और उन्होंने किशनगंज का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है। सफलता के बाद पहली बार किशनगंज पहुँचने पर अंजलि कुमारी का परिवार वालों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों, फूलों की माला और गुलदस्ते भेंट कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल जश्न के रंग में डूबा नजर आया।

इस मौके पर अपनी सफलता और खुशी साझा करते हुए अंजलि कुमारी ने कहा कि मेरी इस सफलता का श्रेय मेरे माता-पिता, पति और पूरे ससुराल पक्ष को जाता है, जिन्होंने हर कदम पर मेरा हौसला बढ़ाया। एक बहू के रूप में परिवार की जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई करना चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन अगर आपके पास दृढ़ संकल्प और परिवार का अटूट समर्थन हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। किशनगंज के लोगों ने आज जो मुझे प्यार और सम्मान दिया है, उसने मेरी जिम्मेदारी और बढ़ा दी है। प्रशासनिक सेवा में जाकर मेरी पहली प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना और ईमानदारी से जनता की सेवा करना होगी।

परिजनों में खुशी का माहौल

अंजलि के ससुर सुरेंद्र चौरसिया और पति मंथन चौरसिया सहित पूरे परिवार ने इस कामयाबी पर बेहद गर्व जताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंजलि ने न केवल अपने परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि जिले की अन्य बेटियों और बहुओं के लिए भी एक बड़ी मिसाल कायम की है कि शादी के बाद भी सपनों को पूरा किया जा सकता है।

  

Related Articles

Post a comment