सावन की दूसरी सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने किया रवाना
- by Manjesh Kumar
- 10-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के आजमनगर में सावन की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर हजारों बजरंगी एवं कांवड़िए "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ मनिहारी गंगा घाट के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु वहां से पवित्र गंगाजल भरकर जिले के ऐतिहासिक बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक करेंगे। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कांवड़ यात्रा को प्राणपुर की भाजपा विधायक निशा सिंह, आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदलाल पाल तथा मानिकचंद मालाकार अनंत केशरी ने फीता काटकर विधिवत रवाना किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। बजरंगी सुबोध लाल यादव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी आजमनगर थाना मैदान से बड़ी संख्या में शिवभक्त मनिहारी गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा गोरखनाथ धाम में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण शिवभक्ति में सराबोर रहा और श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे।


Post a comment