जिला स्कूल को सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय से मिलेगी नयी पहचान, शिक्षा के नये युग की शुरुआत
- by Manjesh Kumar
- 19-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: सूबे में 551 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुभारंभ किया। इस दौरान मेयर विभा कुमारी समेत गणमान्य लोगों ने सामूहिक रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट सार्जेंट अंकित कुमार, एनसीसी ऑफिसर पवन कुमार विश्वास एवं उनकी एनसीसी कैडेट टीम मौजूद थी। महापौर विभा कुमारी ने कहा कि आज का दिन केवल पूर्णिया ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। जिले का सर्वाधिक प्रतिष्ठित जिला स्कूल अब सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में नई पहचान के साथ शिक्षा के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराते हुए उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही जिले के सभी प्रखंडों में इस प्रकार के आदर्श विद्यालयों की स्थापना शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
महापौर ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बिहार सरकार एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच के कारण राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी पहल की जा रही हैं। सभी प्रखंडों में महाविद्यालयों की स्थापना का निर्णय विशेष रूप से महिला शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया सदैव शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता आया है। उन्हें विश्वास है कि सरस्वती विद्या निकेतन के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, उत्कृष्ट शिक्षा एवं सुदृढ़ संस्कार प्राप्त होंगे, जिससे वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। महापौर ने विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए माँ सरस्वती से विद्यालय के निरंतर प्रगति एवं उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करने की कामना की।


Post a comment