समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी, मृतक पर पहले भी हो चुका था जानलेवा हमला
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
समस्तीपुर: बड़ी खबर समस्तीपुर से है जहां अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है जबकि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटनास्थल से तीन लोडेड मैगजीन और गोली बरामद किया है। घटना समस्तीपुर जिलांतर्गत चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव की है जहां बीती शाम अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों को भून दिया। मृतकों की पहचान स्थानीय प्रभात चौधरी तथा उसका एक अन्य सहयोगी बेलसंडी गांव निवासी सन्नी कुमार के रूप में की गई।
घटना के संबंध में मृतक प्रभात चौधरी के परिजनों ने बताया कि बीती शाम सात बजे के करीब किसी ने उसे फोन कर गांव के बाहर बुलाया फिर थोड़ी देर बाद जानकारी मिली कि दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। फिलहाल घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतक प्रभात चौधरी का भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट समेत कई अन्य मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में भी न्यायालय में पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में उस पर फायरिंग की गई थी जिसमें गोली उसके जांघ में लगी थी साथ ही उसके साथ एक अन्य को भी हाथ में गोली लगी थी। तत्कालीन एसपी विनय तिवारी ने उस समय दो थानाध्यक्ष को सस्पेंड किया था। सूत्रों की माने तो शराब कारोबार में पैसों के लेन-देन और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है।


Post a comment