मूलभूत सुविधाओं के अभाव में इधर उधर भटकते रहे सहयोग शिविर में पहुंचे लोग, पर्याप्त छाया और पेयजल की कमी से रहे हलकान

कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड मुख्यालय परिसर में मंगलवार से शुरू हुए तीन दिवसीय जन सहयोग शिविर में पहले ही दिन लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर पहुंचे। हालांकि प्रशासनिक पहल के इस प्रयास के बीच भीषण गर्मी, पेयजल की अनुपलब्धता और पर्याप्त छाया की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। शिविर का उद्घाटन बरारी विधायक विजय सिंह निषाद, मुख्य पार्षद बबिता कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार धीरज, अंचलाधिकारी मनीष कुमार, बीपीआरओ राजकुमार सिंह तथा थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बीस सूत्री अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि राजीव चौधरी, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव भारती समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन भी लिए जा रहे हैं। पहले दिन कुल 69 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 26, सामाजिक सुरक्षा योजना के 32, राशन कार्ड के 3, मनरेगा वीजीबी से संबंधित 4, प्रधानमंत्री आवास योजना के 2, पीएम किसान योजना का 1 तथा दिव्यांगता प्रमाणन से जुड़ा 1 आवेदन शामिल है। प्रशासन के अनुसार कई मामलों का समाधान शिविर स्थल पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य आवेदनों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज ने बताया कि सभी आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दी गई है।

समाधान के साथ सुविधाओं की भी दरकार

शिविर में पहुंचे कई ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए यह पहल सराहनीय है, लेकिन भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करना काफी मुश्किल साबित हुआ। परिसर में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था नहीं होने तथा छायादार स्थान की कमी के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना था कि जब हजारों लोगों की भीड़ जुटने की संभावना पहले से थी, तब पीने के पानी, अस्थायी शेड और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। लोगों ने उम्मीद जताई कि शिविर के आगामी दिनों में प्रशासन इन कमियों को दूर करेगा ताकि आमजन को राहत मिल सके। जन सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, लेकिन पहले दिन यह भी स्पष्ट हो गया कि योजनाओं की जानकारी और आवेदन स्वीकार करने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था भी उतनी ही आवश्यक है। तभी ऐसे शिविर वास्तव में जनहितकारी और प्रभावी साबित हो सकेंगे।

  

Related Articles

Post a comment