भाजपा विधायक ने सहयोग शिविर का किया उद्घाटन, कहा 'आपके पास आ कर किया जाएगा समस्याओं का समाधान'

कटिहार: बिहार सरकार के निर्देशानुसार आजमनगर प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को तीन दिवसीय सहयोग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन भाजपा विधायक सह महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, 20 सूत्री अध्यक्ष नंदलाल पाल, उपाध्यक्ष सुनील सिन्हा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सरोज कुमार, जीविका बीपीएम मिली दाश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान जीविका बीपीएम मिली दाश गुप्ता ने भाजपा विधायक निशा सिंह का शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

तीन दिवसीय सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर में मनरेगा, बिजली विभाग, भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग, बाल विकास परियोजना, जीविका, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन योजना सहित कई विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर विभागीय कर्मियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं तथा उनके समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं लाभुक शिविर में पहुंचे और विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। शिविर में आए लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निशा सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनता की समस्याओं का समाधान उनके नजदीक ही किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment