सड़क निर्माण में अनियमितता का ग्रामीणों ने लगाया आरोप, पूर्व विधायक ने भी उठाई आवाज
- by Manjesh Kumar
- 09-Jun-2026
- Views
सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने उठाए सवाल। पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी ने गुणवत्ता जांच और त्वरित निर्माण की मांग की
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड की मोहना चांदपुर पंचायत में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना अवशेष के तहत प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही विवादों के घेरे में आ गया है। कुंडी ब्रिज से संथालटोला मोहना चांदपुर होते हुए कुंडी गांव तक बनने वाली सड़क में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और स्थायित्व पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि सड़क निर्माण में आवश्यक मिट्टीकरण कार्य नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क को उपयोगी और टिकाऊ बनाने के लिए तीन से पांच फीट तक मिट्टी भराई की आवश्यकता है, लेकिन बिना पर्याप्त मिट्टी डाले ही निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि संबंधित संवेदक ने कार्य किसी अन्य व्यक्ति को पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर दे रखा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि कार्य की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण नहीं किया गया तो निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि कार्य की वर्तमान स्थिति को देखते हुए निर्माण एजेंसी बीच में काम छोड़ सकती है, जिससे परियोजना अधूरी रह जाने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की वर्तमान स्थिति बेहद खराब है। कई स्थानों पर रास्ता इतना जर्जर हो चुका है कि लोगों को पैदल चलने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अब मानसून का मौसम शुरू हो चुका है और क्षेत्र से होकर गुजरने वाली नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सड़क का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है। बारिश के दौरान इस मार्ग पर पानी भरने की आशंका रहती है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है। पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए तथा सड़क निर्माण को निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द पूरा कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
इधर ग्रामीण पंचायत समिति प्रतिनिधि गयाराम, रणजीत यादव, बलराज यादव, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि, सोवन राय, शशिकांत मिश्रा, विजय यादव, प्रभाकर यादव, अशोक राय, अनिल महतो, अमर सिंह, पप्पू यादव ने भी निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया तो वे संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत को और मजबूती से उठाएंगे। फिलहाल पूरे मामले पर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है और सभी को विभागीय कार्रवाई का इंतजार है।


Post a comment