बाढ़ अनुश्रवण तैयारी बैठक में उठी राहत, जीआर और नाव व्यवस्था की मांग
- by Manjesh Kumar
- 27-May-2026
- Views
प्रमुख रहीं अनुपस्थित, उप प्रमुख रैनी कौर ने की बैठक की अध्यक्षता
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में बुधवार को प्रखंड स्तरीय बाढ़ सह सुखाड़ राहत अनुश्रवण एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रमुख की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख रैनी कौर ने की। बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारी, राहत सामग्री वितरण, जीआर राशि, नाव संचालन, पशु चारा, स्वास्थ्य सुविधा एवं सीपेज प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में विजय सिंह निषाद, सीओ मनीष कुमार, बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज, बीपीआरओ राजकुमार सिंह, पशुपालन पदाधिकारी मुकेश कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जनप्रतिनिधियों में जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव भारती, विधायक प्रतिनिधि राजीव चौधरी, जदयू जिला महासचिव चंद्रमोहन सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्की कुमार साह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह, मुखिया मो इब्राहिम, पंचायत समिति सदस्य मिथलेश यादव एवं राजद नेता मो आलमगीर समेत कई लोग शामिल हुए।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत किचन, चापाकल, शौचालय, ब्लीचिंग पाउडर और सांप काटने की दवा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। गुरूमेला पंचायत समिति सदस्य मिथलेश यादव ने उचला चौक पर जर्जर बिजली तार हटाने की आवश्यकता बताई। वहीं विशनपुर के उप मुखिया गोपाल यादव ने बाढ़ प्रभावित वार्डों में राहत शिविर, पशु चारा एवं नाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। दक्षिणी भंडारतल के मुखिया मो इब्राहिम ने आंधी-तूफान पीड़ित परिवारों को आवास, पन्नी एवं जीआर लाभ देने के साथ नाव मालिकों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया। साथ ही बाढ़ के दौरान डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गई। सुखसान के सरपंच हमीद ने वार्ड संख्या-2 को अब तक लाभ नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई।
राजद नेता मो आलमगीर ने सीपेज प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराने, मेडिकल टीम सक्रिय रखने तथा नाव व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग रखी। उत्तरी भंडारतल के मुखिया नवलकिशोर सिंह ने राहत कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। वहीं पूर्वी बारी नगर के मुखिया ने बताया कि हालिया आंधी-तूफान में दर्जनों घर प्रभावित हुए हैं। कांतनगर के मुखिया ने कुछ कर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विजय सिंह निषाद ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए नाव, सूखा राशन, राहत शिविर एवं अन्य आवश्यक सामग्री की समय पर व्यवस्था की जाएगी। विधायक प्रतिनिधि राजीव चौधरी ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बाढ़ प्रभावित लोगों की सेवा में तत्परता से कार्य किया जाएगा। बैठक में बाढ़ से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने एवं राहत कार्यों को और सुदृढ़ बनाने पर सहमति बनी।


Post a comment