नगर निगम के भ्रष्टाचार का खोलेंगे पोल, चेहरा होगा बेनकाब - राजीव राय

पूर्णिया: पूर्णिया नगर निगम का चुनाव साल 2027 में होना है लेकिन नूराकुश्ती अभी से शुरू हो गई है। स्टैंडिंग कमिटि के चुनाव के बाद वार्ड पार्षद दो गुटों में बंटे नजर आ रहे हैं। एक तरफ मेयर गुट के वार्ड नंबर 11 के पार्षद प्रतिनिधि ललनेश सिंह और वार्ड 13 के पार्षद प्रतिनिधि प्रसाद महतो ने वार्ड चार के पार्षद प्रतिनिधि राजीव राय उर्फ बबली पर नगर निगम के विकास में बाधक बनने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर राजीव राय तमाम कागजातों और आडियो वीडियो साक्ष्य के साथ निगम में विकास के नाम पर हुए भ्रष्टाचार का पोल खोलने के लिए तैयार हैं। वार्ड नंबर चार की वार्ड पार्षद कल्याणी राय के पार्षद प्रतिनिधि राजीव राय उर्फ बबली ने नगर निगम के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए प्रेसवार्ता के दौरान अपनी बातों को प्रमुखता के साथ रखी। 

उन्होंने कहा कि हम सच्चाई की राह पर अर्जुन की तरह लड़ने वाले आदमी हैं। पार्षद प्रतिनिधि ललनेश सिंह द्वारा प्रेसवार्ता में शिखंडी शब्द का इस्तेमाल करने के सवाल पर राजीव राय ने कहा कि उनमें राजनीतिक परिपक्वता की कमी है। समाज की भलाई के मुद्दों पर आगामी 14 जून को थाना चौक पर आमरण अनशन करेंगे,इसमें जनता जनार्दन भी अपनी बातों को रखें और उसे नगर विकास तक भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरे साथ सिर्फ सच्चाई है जो भी लोग मेरे साथ हैं या रहेंगे वह सच्चे इंसान हैं। 

उन्होंने 14 जून के आमरण अनशन का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिन नगर निगम का बहुत बड़ा खुलासा करेंगे। अपने ऊपर लगाए गये आरोप का खंडन करते हुए कहा कि मेरे पास निगम के काले कारनामे का पुख्ता सबूत है समय आने पर इसे उजागर करेंगे तो कई चेहरे बेनकाब होंगे‌। अब देखना दिलचस्प है कि पार्षदों के बीच गुटबाजी के रस्साकशी में किसका भला होता है।

  

Related Articles

Post a comment