करोड़ों की राशि खर्च होने के बावजूद सड़क बनी है गड्ढा, बारिश का पानी बना है परेशानी का कारण

पूर्णिया: नगर निगम में विकास के नाम पर करोड़ों की राशि स्वीकृत होती है लेकिन फाइलों में दौड़ने वाली योजना धरातल पर फेल नजर आती है। चार साल बीत जाने के बाद भी ड्रेनेज सिस्टम दुरूस्त नहीं हो पाया और न ही सभी जगह नाला नहीं बना है। पुराने नाले की उड़ाही नहीं हुई है, जिसके कारण जलजमाव से वार्ड के लोगों को राहत नहीं मिल रही है। स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे पूर्णिया में बारिश के पानी में विकास उछल रहा है। फ्री में गांव का मजा शहर में मिल रहा है। बिना किसी मेहनत के निगम लोगों को घर के सामने ही स्विमिंग पुल का आनंद दे रही है। गर्मी के मौसम मे अब आप इसमें रहिए उछलिए या तैरिये यह आप पर निर्भर करता है। 

सड़कों पर लबालब भरे पानी के बीच उछलते कूदते वाहन की यह तस्वीर अपने आप में बहुत कुछ बयां कर रही है। तस्वीर वार्ड संख्या 26 की है। यह रास्ता अरबिया कालेज के रास्ते एन एच 31 नेवा लाल चौक को जोड़ती है। मजे की बात ये है कि इसी कीचड़ पानी भरे रास्ते के बीच प्राथमिक विद्यालय भी है। स्कूली बच्चे शिक्षक भी इसी जलजमाव के बीच विद्यालय जाते हैं।  जहां तक नजर जाती है वहां सिर्फ पानी ही पानी नजर आता है। कहां गड्ढा है और कहां सड़क यह किसी को पता नहीं है। बस अंदाज पर टोटो, बाइक, ट्रैक्टर कार  चालक सभी चले आ रहे हैं और मन ही मन निगम को कोस रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैक्स देने के बाद भी कब तक टूटी सड़क और जलजमाव के बीच रहना होगा। जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।

  

Related Articles

Post a comment