सोशल मीडिया पर प्यार करना युवक को पड़ा काफी महंगा, लड़की से मिलने पहुंचते ही हो गया अपहरण फिर...

नालंदा: प्यार के बाद प्रेमी जोड़े के द्वारा भाग कर शादी करने के तो ढेरों मामलों से आप अवगत होंगे लेकिन नालंदा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां इंस्टाग्राम से हुए प्यार के बाद मिलने पहुंचे लड़के का अपहरण हो गया। लड़के के अपहरण के बाद उसके परिवार के लोगों से 6 लाख रूपए फिरौती के भी मांगे गए जिसके बाद हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और टेक्निकल जांच के आधार पर कुछ ही देर में युवक को सकुशल बरामद कर लिया।

दरअसल के शेखपुरा के पांची गांव निवासी विक्रम कुमार को नालंदा की रहने वाली एक युवती से इंस्टाग्राम पर संपर्क हुआ और दोनों के बीच बातचीत होने लगी। बातचीत के दौरान दोनों ने एक दूसरे पर बेशुमार भरोसा दिखाया जिसके बाद युवती ने युवक को मिलने बुलाया। बीते 28 अप्रैल को युवक युवती से मिलने नालंदा के चोरसुआ मोड़ पहुंच गया और यहीं पर लड़की और उसके प्रेमी ने युवक का अपहरण कर लिया। युवक के अपहरण के बाद उसके पिता को फोन कर 6 लाख रुपए फिरौती की मांग की जिसके बाद परिवार में अफरातफरी का माहौल हो गया। परिजनों ने आनन फानन में पुलिस को मामले की सूचना दी।

परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस के बढ़ते दबाव और दबिश की वजह से अंत में बदमाशों ने युवक को पावापुरी फ्लाईओवर के समीप छोड़ दिया और भाग निकले जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। बाद में पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने बॉयफ्रेंड और अन्य साथियों के साथ अपहरण करने की बात स्वीकार कर ली। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment