बांका में दोहरे हत्याकांड के आरोपी का पुलिस ने किया एनकाउंटर, रांची से हुआ था गिरफ्तार

बांका: बांका में बीते दिनों दोहरे हत्या मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने रांची में गिरफ्तार किया और अब शनिवार की अहले सुबह उसका एनकाउंटर भी कर दिया। पुलिस एनकाउंटर में अपराधी के साथ ही दो पुलिस अधिकारी और दो पुलिस जवान जख्मी हो गए। पुलिस ने अपराधी के पास से हथियार भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार बीते 5 जुलाई को अमरपुर थाना क्षेत्र में गुंजन सिंह और सीटू सिंह हत्या मामले के आरोपी सचिन कुमार सिंह को बांका पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर शनिवार की अहले सुबह हथियार बरामदगी के लिए गई थी इस दौरान अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी जिससे वह जख्मी हो गया।

वहीं अपराधी की गोलीबारी में एक ओपी अध्यक्ष, एक सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। बांका पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रांची से ट्रांजिट रिमांड पर लाए गए शूटर सचिन कुमार सिंह ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि उसने वारदात के बाद मुख्य हथियार को बलिया के घने जंगलों में छिपा दिया है।  शनिवार की अहले सुबह जब सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, तभी सचिन ने अचानक एक पुलिसकर्मी को झटका दिया और तेजी से दौड़कर झाड़ियों में पहले से लोड कर रखी पिस्तौल उठा ली। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में मैनमा ओपी अध्यक्ष आयांस रंजन और अमरपुर थाना के एसआई मुकेश कुमार समेत दो अन्य पुलिसकर्मी गोली के छर्रे लगने और चोट आने से घायल हो गए।

उल्लेखनीय है कि 5 जुलाई को अमरपुर के बलिया गांव के समीप गुंजन सिंह और सीटू सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे। शनिवार को हुई इस मुठभेड़ की खबर मिलते ही एसटीएफ (STF) और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की तकनीकी टीमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं और खोखे व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। सह-आरोपी की गिरफ्तारी: पुलिस इस मामले के एक अन्य सह-आरोपी सोनम सिंह उर्फ सोम सिंह को पहले ही बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

  

Related Articles

Post a comment