पीडीएस डीलर ने वीडियो जारी कर कहा 'अब टूट चुका हूं...', अधिकारियों समेत कई लोगों पर लगाया गंभीर आरोप

कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड की पूर्वी बारीनगर पंचायत के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेता अजय कुमार यादव का 6 मिनट 44 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने तत्कालीन पूर्व एसडीएम आलोक चंद चौधरी, स्थानीय विभागीय अधिकारियों तथा डीलर संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह पर भ्रष्टाचार, अवैध उगाही, मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। 'प्रत्येक न्यूज़' वायरल वीडियो में किए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो में अजय कुमार यादव का दावा है कि विभागीय जांच और स्पष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान उन पर समझौते का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लाइसेंस रद्द करने, अपील के बाद बहाल होने के बावजूद दुकान टैगिंग के दौरान खाद्यान्न वापस नहीं देने तथा शिकायत करने पर एफआईआर दर्ज कराने और दोबारा लाइसेंस रद्द कराने की धमकी दी जाती रही। उन्होंने कुछ डिजिटल लेनदेन के साक्ष्य होने का दावा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वीडियो में डीलर ने अपनी पारिवारिक और आर्थिक स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी दिव्यांग हैं, दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और पूरे घटनाक्रम के कारण वे मानसिक एवं आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

वीडियो वायरल होने के बाद बरारी प्रखंड में पीडीएस व्यवस्था और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों पर पूर्व एसडीएम आलोक चंद चौधरी, संबंधित विभागीय अधिकारियों, डीलर संघ अध्यक्ष अजीत सिंह अथवा अन्य संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी थी। 'प्रत्येक न्यूज़' इस वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। संबंधित पक्ष का पक्ष अभी प्राप्त नहीं हो सका है।

  

Related Articles

Post a comment