भीषण गर्मी से पटना के छात्रों को मिली राहत, जिलाधिकारी ने जारी किया बड़ा आदेश

पटना: राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में लगातार गर्मी का प्रभाव बढ़ रहा है। प्रचंड गर्मी की वजह से लोगों का जीना मुहाल है। भीषण गर्मी को देखते हुए पटना के जिलाधिकारी ने गर्मी छुट्टी के बाद स्कूलों को सुबह 6:30 बजे से संचालित करने का निर्देश दिया था लेकिन अब छात्रों को गर्मी से निजात दिलाने की घोषणा की है। डीएम कुंदन कुमार ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 8वीं कक्षा तक पठन पाठन पर रोक लगा दी है। पठन पाठन कार्यों पर रोक प्री स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगा। डीएम का यह आदेश 30 जून तक प्रभावी रहेगा।


मामले में पटना डीएम के द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दोपहर की तेज धूप और भीषण हीट वेव के कारण बच्चों के स्वास्थ्य प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की गंभीर संभावना है। इसी खतरे को भांपते हुए प्रशासन ने बच्चों को लू की चपेट में आने से बचाने के मकसद से यह निर्णय लिया है। डीएम कुंदन कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत मिले कानूनी अधिकारों का प्रयोग करते हुए यह नया सरकारी आदेश जारी किया है। जिले के सभी स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिया गया है कि वे बंद की इस अवधि के दौरान होने वाली परीक्षाओं, टेस्ट या अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को आगे की तारीखों के लिए री-शेड्यूल करें। सभी शिक्षण संस्थानों को इस आदेश का अक्षरसः पालन करना होगा। इस आदेश को जमीनी स्तर पर कड़ाई से लागू कराने के लिए पटना जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।

  

Related Articles

Post a comment