जनसमस्याओं को लेकर नगर आयुक्त से मिले विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी

पूर्णिया: शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने पूर्णिया नगर आयुक्त कुमार मंगलम से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान शहर में साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत, बिजली व्यवस्था समेत कई नागरिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने नगर आयुक्त को बताया कि हल्की बारिश होने पर भी शहर के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर में कई ऐसे नाले हैं जो केवल नाम मात्र के हैं, लेकिन उनसे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। नालों की नियमित सफाई एवं प्रभावी जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत कई ऐसे वार्ड हैं जहां बिजली की सुविधा तो उपलब्ध है, लेकिन बिजली के खंभे तक नहीं लगाए गए हैं। कई स्थानों पर केवल बांस-बल्ली या अस्थायी व्यवस्था के सहारे बिजली के तार लगाए गए हैं, जिससे मौसम खराब होने पर बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने इस समस्या को गंभीर बताते हुए जल्द स्थायी समाधान की मांग की। राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने नगर निगम एवं संबंधित विभाग से अविलंब कार्रवाई करते हुए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, जाम नालों की सफाई कराने तथा बिजली के खंभे लगाकर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।

नगर आयुक्त कुमार मंगलम ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत एवं विक्की गोस्वामी उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment