25 को मुजफ्फरपुर आयेंगे बागेश्वर बाबा, पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य ने कहा 'हम बदल देंगे इस गांव का नाम'

मुजफ्फरपुर: जिले के मुसहरी प्रखंड के रोहुआ अपूछ गांव स्थित रामजानकी मठ में बुधवार से चार दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन की शुरुआत हुई। इस अवसर पर देश के प्रसिद्ध संत और पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उनके आगमन की खबर से लोग दूर दराज से उनके दर्शन करने पहुंचने लगे।

चार दिनों तक चलेगा धार्मिक कार्यक्रम

रामजानकी मठ में आयोजित इस चार दिवसीय कार्यक्रम में देशभर से संत-महात्माओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर विशाल पंडाल और अलग मंच तैयार किया गया है, साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास के विशेष इंतजाम किए गए है। कार्यक्रम के संस्थापकों ने जानकारी दी कि बागेश्वर धाम के प्रमुख संत धीरेंद्र शास्त्री भी 25 अप्रैल को यहां श्रद्धालुओं के बीच उपस्थित होंगे। इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।

शिष्य दीनानाथ दास को सौंपी महंत की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के दौरान मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने अपने शिष्य दीनानाथ दास को रामजानकी मठ का नया महंत घोषित किया। उन्होंने कहा कि मठ के विकास और धार्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब दीनानाथ दास के कंधों पर होगी। संत ने लोगों से अपील की कि वे नए महंत का सहयोग करें और मठ से जुड़े किसी भी विवाद से दूर रहें।

मठ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का संकल्प

श्रद्धालुओ को संबोधन करते हुए रामभद्राचार्य ने कहा कि वे रामजानकी मठ को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मठ परिसर में एक गुरुकुल की स्थापना और विश्वस्तरीय मंदिर निर्माण की योजना का भी ऐलान किया। इस निर्माण कार्य का पूरा खर्च स्वयं उठाने की बात कही, जिसके बाद से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।

गांव का नाम बदलने की घोषणा से बढ़ा उत्साह

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए रोहुआ गांव का नाम बदलकर ‘राघवीय’ रखने की बात कही। इस घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बन गया और पूरा परिसर ‘जय सियाराम’ के जयकारों से गूंज उठा.

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment