अग्नि पीड़ित परिवार के बीच विधायक ने बांटी सहायता राशि का चेक, कहा 'आपदा की घड़ी में...'
- by Manjesh Kumar
- 19-Jun-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: कांटी विधानसभा क्षेत्र के मकदुमपुर कोदरिया गांव में अगलगी से प्रभावित परिवारों के बीच शुक्रवार को राहत सामग्री का वितरण किया गया। कांटी विधायक ई अजीत कुमार ने आठ पीड़ित परिवारों को तिरपाल एवं प्रति परिवार 20-20 हजार रुपये का राहत चेक प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। विधायक ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्य में तेजी लाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने का निर्देश दिया।
घटना के बाद से विधायक की देखरेख में प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचेन) का संचालन भी लगातार किया जा रहा है, जहां भोजन की व्यवस्था की गई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में गांव के आठ परिवारों के घर जलकर राख हो गए थे। घटना में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई थी। राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान सीओ मुकेश कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो शमीम, हरिनंदन राम, विनोद शर्मा, जय किशन कुमार चौहान, उपेंद्र राय, रोजी सहनी एवं शंभू चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment