गया जी में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर पत्थरबाजी, दो युवक हिरासत में, दो दिन पहले ही..

गया जी: शुक्रवार की शाम एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। केंद्रीय मंत्री पर पथराव के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है जबकि केंद्रीय मंत्री मांझी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामला गया जी के खिजरसराय प्रखंड के सिसवर गांव की है जहां मांझी एक स्कूल के वार्षिकोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान वह मंच पर भाषण दे रहे थे तभी कुछ युवकों ने पत्थरबाजी कर दी। हालांकि पत्थरबाजी होते ही आनन फानन में स्थानीय डीएसपी सुरेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो सहित अन्य सुरक्षाकर्मियों ने दो युवक को पकड़ लिया।

माहौल शांत होने के बाद करीब 10 मिनट बाद दुबारा फिर से पत्थरबाजी हुई। हालांकि इस बार भी सुरक्षाबलों ने पत्थरबाजों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन कोई नहीं पकड़ा गया। केंद्रीय मंत्री पर हमला के बाद कई अन्य वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। घटना और कार्यक्रम के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रीय मंत्री को उनके गांव स्थित आवास पर ले जाया गया।

नीमचक बथानी डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद सरबहदा व महकार थाना से अतिरिक्त पुलिस बलों को बुलाया गया और कड़ी सुरक्षा में केंद्रीय मंत्री को उनके पैतृक गांव महकार ले जाया गया है। डीएसपी ने बताया कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच को लेकर हर बिंदू पर छानबीन की जा रही है। बता दें कि दो दिन पहले पटना जिले के मालसलामी थाना इलाके के मारूफगंज मुहल्ले का रहनेवाला राजेश राव उर्फ सरदार ने केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को धमकी देते हुए एक वीडियो वायरल किया था। इस घटना को मगध रेंज के आइजी विकास वैभव व एसएसपी सुशील कुमार ने गंभीरता से लिया था और दारोगा के बयान पर साइबर थाने में राजेश राव उर्फ सरदार के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी और इस मामले की छानबीन की जिम्मेदारी साइबर डीएसपी एआर दानिश को सौंपा गया था। साइबर डीएसपी ने टेक्निकल सेल की पुलिस के सहयोग से धमकी देनेवाले राजेश राव को नालंदा जिले के लहेरीसराय थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

  

Related Articles

Post a comment