महिला की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
- by Manjesh Kumar
- 06-Jun-2026
- Views
अररिया: अररिया जिले के पलासी थाना की पुलिस ने विवाहिता नविता देवी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी मृतिका के पति गौरभ कुमार विश्वास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी को जोकीहाट थाना क्षेत्र के महलगांव के मधेली गांव से गिरफ्तार किया। इस दौरान मृतिका के चार वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से फरार चल रहे अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मृतका की मां गीता देवी के फर्द बयान पर पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दर्ज मामले में पति गौरभ कुमार विश्वास, ससुर कृत्यानंद विश्वास, सास गौरी देवी, सौरभ कुमार विश्वास, संतोषी देवी, गौतम मंडल तथा झुब्बर मंडल को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। आरोप है कि तीन जून की रात सभी आरोपियों ने मिलकर नविता देवी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को गंगझाली सुरकिया धार के समीप फेंक दिया। घटना की जानकारी चार जून की सुबह मृतका के परिजनों को मिली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Post a comment