आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां उतरी पटरी से, कोई हताहत नहीं, जांच में जुटे अधिकारी
- by Manjesh Kumar
- 06-Sep-2026
- Views
भोजपुर: बिहार के आरा में रविवार की अहले सुबह एक ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतर गई। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना के दौरान लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल हो गया। बताया जा रहा है कि अहले सुबह ट्रेन में जोरदार झटका लगने के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गयी। घटना के बाद रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। आरा जंक्शन के अप लाइन में यार्ड के समीप रविवार की सुबह करीब चार बजे महानंदा एक्सप्रेस के दो कोच के पहिए पटरी से उतरने की घटना सामने आयी। ट्रेन अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही थीm घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक ट्रेन में तेज झटका लगा और वह रुक गयी, जिसके बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गयी।
रेल सूत्रों के अनुसार महानंदा एक्सप्रेस रविवार की अहले सुबह आरा जंक्शन पहुंची थी। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन जैसे ही आगे बढ़ी, जंक्शन के समीप यार्ड क्षेत्र में उसके दो कोच के पहिए पटरी से उतर गये। घटना के बाद ट्रेन को तत्काल नियंत्रित किया गया। बताया जा रहा है कि चालक की सतर्कता और सूझबूझ से स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका टल गयी। ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों में कुछ देर तक घबराहट की स्थिति बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही आरा जंक्शन के रेल अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और अन्य रेलकर्मी मौके पर पहुंचे। रेलवे की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया और पटरी से पहिए उतरने के कारणों की जांच की जा रही है। दो कोच के पहिए पटरी से उतरने के बाद आरा जंक्शन की अप लाइन का परिचालन प्रभावित हो गया। इसके कारण इस लाइन से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों की आवाजाही भी बाधित हुई। पंजाब मेल और विभूति एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें जहां-तहां खड़ी होने की जानकारी सामने आयी है।
रेलवे की तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि पहिए पटरी से उतरने के पीछे ट्रैक, प्वाइंट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की भूमिका रही या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना में किसी यात्री के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आयी है। रेलवे की ओर से तकनीकी जांच और घटनास्थल की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही नुकसान और घटना के कारणों को लेकर पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है। महानंदा एक्सप्रेस 15483/15484 दिल्ली और अलीपुरद्वार के बीच संचालित होने वाली लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेन है। इस ट्रेन के आरा जंक्शन के यार्ड क्षेत्र में पटरी से उतरने की घटना के बाद रेलवे परिचालन पर भी असर पड़ा है।


Post a comment