मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल करवाने की थी तैयारी, पुलिस ने पहले ही भारी मात्रा में उपकरण के साथ दो को दबोचा

बेगूसराय: बिहार समेत देश भर में इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं में माफिया अपनी करतूत से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि माफियाओं की करतूत का पता जांच एजेंसियों को लग जा रहा है और फिर कार्रवाई शुरू होती तो है लेकिन बावजूद इसके इस तरह की घटनाओं में कमी नहीं हो रही है। अब एक बार फिर इस तरह का एक मामला सामने आया है जहां परीक्षा से पहले ही माफियाओं का खुलासा हो गया और पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार बेगूसराय और बखरी थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले नकल एवं अनियमितता के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किया है।

मिली जानकारी के अनुसार तकनीकी शाखा बेगूसराय को गुप्त सूचना मिली थी कि 14 जून को आयोजित होने वाली मद्य निषेध सिपाही परीक्षा में सेटिंग कराने के उद्देश्य से बखरी थाना क्षेत्र के जीतपुर निवासी राजेश रौशन अपने घर पर बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जमा किए हुए है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बखरी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जीतपुर स्थित राजेश रौशन के घर पर छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान परीक्षा में उपयोग किए जाने वाले कई संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा 14 और 17 जून को बिहार के अलग-अलग केन्द्रों पर होने वाली है।

पुलिस ने मौके से 38 वॉकी-टॉकी, 07 ब्लूटूथ डिवाइस, 06 चार्जर, 03 जोड़ी गंजी वाला डिवाइस, 02 सिम लगने वाले एटीएम कार्डनुमा डिवाइस, 03 डिवाइस लगे चप्पल, 02 माइक्रोफोन, 01 मेटल डिटेक्टर और 02 मोबाइल फोन समेत कई परीक्षार्थियों के प्रमाण पत्र एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। छापेमारी के दौरान मौके से जीतपुर निवासी सुरेश पंडित के पुत्र राजेश रौशन और साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बाबूराही निवासी नित्यानंद यादव के पुत्र दुलारचंद यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने परीक्षा में सेटिंग कराने की योजना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित परीक्षा घोटाले को समय रहते विफल कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

  

Related Articles

Post a comment