दुकान बंद कर घर जा रहे आभूषण कारोबारी से अपराधियों ने की लूटपाट, विरोध करने पर फायरिंग भी की
- by Manjesh Kumar
- 09-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं जो आए दिन अपराधिक घटना को अंजाम देकर भाग निकलते है। ताजा मामला मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र की है, जहां अपराधियों ने एक स्वर्ण कारोबारी को निशाना बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार कारोबारी अपनी ज्वैलरी की दुकान बंद करके घर लौट रहे थे, इसी दौरान हथियार के बल पर अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और लाखो रुपये मूल्य के आभूषण लूट कर भाग निकले। पुलिस ने मौके से एक खोखा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार मामला सकरा थाना क्षेत्र के रामपुर कृष्णा पंचायत के सुस्ता पोखर के समीप की है। रामपुर कृष्णा पंचायत निवासी अनिल कुमार साह सकरा थाना क्षेत्र के सुस्ता हाट पर ज्वैलरी की दुकान चलाते है। बताया गया कि अनिल कुमार साह रोज की तरह अपनी दुकान बंद करने के बाद अपने भतीजे रोहित साह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों सुस्ता पोखर के पास पहुंचे, तभी दो बाइक पर सवार करीब आधा दर्जन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने हथियार दिखाकर स्वर्ण कारोबारी से लूटपाट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब 6 से 7 लाख रुपये मूल्य के ज्वेलरी की लूट की ली।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही सकरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ईस्ट टू मनोज कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कारोबारी और आसपास मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली, साथ ही अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले को लेकर एसडीपीओ ईस्ट टू मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बाइक सवार अपराधियों ने एक स्वर्ण कारोबारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि लूट का विरोध किए जाने पर अपराधियों की ओर से दो राउंड फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment