विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह से की मुलाकात

पूर्णिया: विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह से उनके पूर्णिया स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन की ओर से मंत्री लेसी सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने मंत्री लेसी सिंह को भगवा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं संगठन के कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया। मुलाकात के दौरान धार्मिक, सामाजिक, संगठनात्मक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक समरसता, राष्ट्रहित, युवा जागरण एवं जनसेवा के कार्यों के लिए निरंतर सक्रिय है। उन्होंने कहा कि संगठन प्रशासन एवं सरकार के साथ सकारात्मक समन्वय स्थापित कर आम लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहायता पहुंचाना है तथा जनहित के मुद्दों पर सदैव सक्रिय भूमिका निभाना है।

मंत्री लेसी सिंह ने विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ द्वारा जनहित, सामाजिक सेवा एवं धार्मिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज में जागरूकता, सेवा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संगठन की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सरकार सदैव सकारात्मक सहयोग के लिए तत्पर है। साथ ही उन्होंने संगठन को जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग एवं समर्थन का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, विक्की गोस्वामी, जिला अध्यक्ष विजय कुमार, पूर्णिया जिला गोरक्षा प्रमुख नवीन कुमार, पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, वार्ड संख्या 24 के अध्यक्ष ऋतिक कुमार, अनिकेत कुमार, सुनील कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment