बच्चों और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : डीएम

कटिहार: जिले में संचालित समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण से लेकर पोषण ट्रैकर, अपार आईडी, आभा आईडी तथा मातृ एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने लंबित आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया। साथ ही सभी अंचलाधिकारियों को सात दिनों के भीतर सरकारी भूमि चिन्हित कर संबंधित केंद्रों के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) निर्गत करने का आदेश दिया। बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं एलएईओ को समन्वय स्थापित कर इसकी प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि पोषण ट्रैकर ऐप पर प्रत्येक केंद्र की दैनिक गतिविधियों एवं लाभुकों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति की नियमित निगरानी हो सके। उन्होंने 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का अपार आईडी तथा सभी लाभुकों का आभा आईडी सत्यापन एवं निर्माण कार्य अविलंब पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और स्कीम फॉर एडोलसेंट गर्ल्स के लंबित आवेदनों एवं भुगतान का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित योजनाओं की भी बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बच्चों एवं महिलाओं के हितों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने तथा साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन जिला कार्यक्रम कार्यालय, आईसीडीएस को नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, एलएईओ कटिहार एवं बारसोई, जिला समन्वयक, जिला मिशन समन्वयक, महिला विकास निगम के अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment