परीक्षा के बीच अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे कुलपति, छात्रों को सराहा शिक्षकों को दिए कई निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 15-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विवेकानंद सिंह ने पूर्णिया के पूर्णिया महाविद्यालय में आयोजित स्नातक पंचम सेमेस्टर परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा परीक्षार्थियों एवं परीक्षा कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के क्रम में कुलपति ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, अनुशासन एवं पारदर्शिता से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सभी परीक्षा कक्षों में जाकर परीक्षा की निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा विश्वविद्यालय के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो रही है।
निरीक्षण के उपरांत कुलपति प्रो सिंह ने परीक्षा संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो रही है। उन्होंने परीक्षा कार्य में संलग्न पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के कारण परीक्षा की गरिमा और विश्वसनीयता बनी हुई है। पूरे परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सफल परीक्षा संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार प्रकट किया।


Post a comment