कटिहार में बीच बाजार वकील को घेर अपराधियों ने गोली मार कर दी हत्या, देखते रह गए लोग

कटिहार: सोमवार को कटिहार से एक बड़ी खबर सामने आई है जिसने राज्य की कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। घटना के बाद मौके पर दहशत का माहौल हो गया। दरअसल कटिहार के पटेल चौक पर बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े सरेआम एक वकील की गोली मार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गुड्डू अंसारी के रूप में की गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि अपराधियों के बुलंद हौसले की दास्तान भी बयां करता है।

जानकारी के अनुसार मृतक वकील गुड्डू अंसारी घर का कुछ सामान खरीदने निकले थे इसी दौरान शहर के पटेल चौक के समीप हथियारबंद बदमाशों ने सरेआम वकील को घेर कर गोली मार दी और मौके से भाग निकला। इस दौरान आसपास के लोग खड़ा हो देखते रह गए जबकि गोली लगने के बाद वकील वहीं गिर गए। घटना के बाद आनन फानन में लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी विशाल आनंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सदर डीएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया जबकि पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment