सोने का लॉकेट खरीदने के नाम पर दुकान में घुसे हथियारबंद अपराधी, तिजौरी खुलते ही तान दी पिस्टल और ले भागे 25 लाख के जेवर

कैमूर:रविवार को बेखौफ अपराधियों ने कैमूर में हथियार के बल पर दिनदहाड़े बड़ी घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया जबकि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घटना कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के बहुआरा की है जहां हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक आभूषण दुकान में लूटपाट की। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब 25 लाख रुपए मूल्य के सोना चांदी समेत 50 हजार रूपए नकद लूट लिए और फायरिंग करने के साथ ही हथियार लहराते हुए भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।

घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार आशुतोष कुमार ने बताया कि तीन हथियारबंद अपराधी ग्राहक बन कर दुकान में घुसे और सोने का लॉकेट दिखाने के लिए कहा। इस दौरान अपराधियों का एक साथी बगल के मिठाई दुकान में लड्डू का दाम पूछने लगा था। इधर लॉकेट दिखाने के लिए दुकानदार ने जैसे ही तिजौरी खोला अपराधियों ने हथियार निकाल लिए और दुकानदार की कनपटी और पेट पर सटा दिया जबकि तीसरा अपराधी जेवर एक बोरी में भर लिया। इसके बाद अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की और भाग निकले।

घटना के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है और दुकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लूटपाट करने के बाद तीनों अपराधी सड़क पर पहुंचे, जहां दुकान के सामने अपनी अपाची बाइक खड़ी की थी। तभी पीड़ित रोते हुए चिल्लाने लगा। यह सुनकर बगल का मिठाई दुकानदार भी अपराधियों को पकड़ने के लिए दौड़ा, लेकिन एक अपराधी ने तुरंत फायरिंग कर दी जिससे लोग डर गए। अपराधी अपाची मोटरसाइकिल पर सवार होकर बहुआरा चौक की तरफ भागे। वहां भी हल्ला होता देख अपराधियों ने चौक पर हवाई फायरिंग की और परसथुआं की तरफ फरार हो गए। भागने के क्रम में अपराधियों का एक बैग वहीं छूट गया। अपराधी अपने साथ इस बैग में लेडीज पर्स, ग्लव्स, नकाब और दो कारतूस रखे हुए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से अपराधियों के उस बैग को जब्त कर लिया है और उसमें से दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस इस बरामद सामान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment