कबाड़ख़ाने में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने मचाया तांडव, लाखों का हुआ नुकसान
- by Manjesh Kumar
- 15-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलौरी बायपास के समीप स्थित एक कबाड़खाने में रविवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकान एवं गोदाम में रखा लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का कबाड़ का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कबाड़ खाना के मालिक मोहम्मद सोयबुर्र रहमान रविवार रात करीब 11 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात करीब 1:30 बजे दुकान के कर्मचारियों ने उन्हें फोन कर आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वे अपने परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान और गोदाम में रखा सारा कबाड़ का सामान जलकर राख हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि कबाड़खाने के ऊपर से गुजर रहे 33 हजार एवं 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार भी टूटकर नीचे गिर गए। आग की तेज तपिश के कारण एक बिजली पोल भी झुक गया। हालांकि देर रात का समय होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित दुकानदार मोहम्मद सोयबुर्र रहमान ने बताया कि इस अग्निकांड में उन्हें लगभग 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कबाड़ का यह व्यवसाय ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन था, जो अब पूरी तरह बर्बाद हो गया है। घटना के बाद पीड़ित ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से नुकसान का आकलन कर उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। वहीं पुलिस एवं संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।


Post a comment