दिवाली की रात छठ गीत बजाने को लेकर हुआ विवाद, स्कॉर्पियो सवार ने 10 को रौंदा, 2 की मौत

भोजपुर: बड़ी खबर भोजपुर से है जहां छठ गीत बजाने के विवाद में एक सनकी ने कई लोगों को स्कॉर्पियो से रौंद दिया। घटना में जहां दो लोगों की मौत हो गई वहीं करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हैं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति हो गई वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई। घटना भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामडीहरा गांव की है जहां दिवाली की रात सूर्य मंदिर में छठ गीत बजाने के विवाद में व्यक्ति ने स्कॉर्पियो से करीब 10 लोगों को रौंद दिया। मृतकों की पहचान दिनेश यादव और कमलेश यादव के रूप में की गई। घटना के बाद ग्रामीणो की मदद से सभी घायलों को आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। इनमें तीन लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि गांव के सूर्य मंदिर पर छठ का गाना बज रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और मेरे भईया मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। उसने धमकी दी कि इसके बाद गाना नहीं बजना चाहिए। इसी बात को लेकर मुन्ना यादव और स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के लोगों को घर से बुलाया। इस बीच स्कॉर्पियो सवार वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब सभी लोग इकट्ठा होकर आपस में बात कर रहे थे, तभी वह स्कॉर्पियो लेकर दोबारा वहां पहुंचा और तेज रफ्तार में लोगों को रौंद दिया।

आरा सदर अस्पताल के ऑन ड्यूटी चिकित्सक अशोक कुमार ने बताया कि पांच-छह लोगों को गंभीर रूप से जख्मी हालत में अस्पताल लाया गया था। इनमें कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान मौत हो गई। उनके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था। उन्होंने बताया कि दिनेश यादव के सीने पर गाड़ी चढ़ने से अंदरूनी चोट आई है, जबकि अन्य घायलों के हाथ-पैर मे गंभीर चोटें लगी हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद आगे इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

  

Related Articles

Post a comment